*9/11 हमलों में क्या थी सऊदी अरब की भूमिका, FBI की जांच रिपोर्ट में क्या निकला?*
*आर.जे. सिद्दीकी मिनर्वा न्यूज़*
अमेरिका पर हुए 9/11 के हमले की 20वीं बरसी मनाई जा चुकी है. तकरीबन तीन हज़ार आम लोगों की जान लेने वाले इस हमले ने पूरी दुनिया को सन्न कर दिया था. अमेरिका की एक बड़ी आबादी उस सदमे से अभी तक उबर नहीं पाई है. बीस साल बीत जाने के बाद भी बहुत कुछ ऐसा है, जो पर्दे के पीछे छिपा हुआ है. अमेरिकी जनता आज भी उन अनसुलझी पहेलियों का सच जानने की कोशिश कर रही है.
इस कड़ी में सबसे बड़ी पहेली है, 9/11 के हमलों में सऊदी अरब की भूमिका. क्या सऊदी अरब को हमलों की जानकारी पहले से थी? क्या सऊदी अधिकारियों ने अल-क़ायदा को पैसे मुहैया कराए? क्या अमेरिकी सरकार सऊदी अरब को बचा रही है? 9/11 हमले के पीड़ित और उनके सगे-संबंधी लंबे समय से इन सवालों का जवाब मांग रहे थे. इस मांग की वजह क्या थी? हमले में शामिल 19 में से 15 हाईजैकर्स सऊदी अरब के नागरिक थे.
इस हमले का सबसे बड़ा मास्टरमाइंड ओसामा बिन लादेन सऊदी अरब के एक ताक़तवर शेख़ परिवार से ताल्लुक रखता था. अल-क़ायदा को सऊदी अरब से अच्छी-खासी मदद मिलती थी. इसके बावजूद अमेरिका ने सऊदी अरब की भूमिका को लगभग नज़रअंदाज़ कर दिया था. इसी के चलते सरकार की मंशा पर लगातार सवाल उठ रहे थे.
इस मामले में नया क्या है? नया ये है कि तमाम क़िस्म की आशंकाओं से पर्दा खींचने की पहल हो चुकी है. पिछले हफ़्ते अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने हमले की जांच से जुड़े सीक्रेट दस्तावेज़ों को पब्लिक डोमेन में लाने का आदेश दिया था. 11 सितंबर 2021 को एफ़बीआई ने 16 पन्नों का सीक्रेट दस्तावेज़ रिलीज़ कर दिया है. इस दस्तावेज़ से क्या-क्या पता चला है? क्या सच में सऊदी अरब इन हमलों का ज़िम्मेदार था? उस ‘घोस्ट एम्पलॉयी’ की कहानी क्या है, जो अमेरिका में दो हाईजैकर्स का रहनुमा बना था? और, आगे क्या होने वाला है? चलिए जानते हैं.
11 सितंबर 2001 की तारीख़ उस वक़्त इतिहास में दर्ज़ हो गई. जब अल-क़ायदा के आतंकियों ने चार यात्री विमानों को हाईजैक कर अमेरिका पर हमला कर दिया था. दो प्लेन न्यूयॉर्क के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के दो टॉवर्स से टकराए गए. एक प्लेन पेंटागन पर गिराया गया. जबकि चौथा प्लेन पेन्सिलवेनिया के बाहर एक खेत में क्रैश हो गया.
9/11, अमेरिका की धरती पर हुआ सबसे बड़ा आतंकी हमला था. इस हमले के सभी तार सऊदी अरब से जुड़ रहे थे. इसलिए, ये ज़रूरी था कि इन लिंक्स की अच्छी तरह से जांच-पड़ताल की जाए. लेकिन असलियत में क्या हुआ?
जनवरी 2020 में न्यूयॉर्क टाइम्स और प्रो पब्लिका ने एफ़बीआई के इन्वेस्टिगेशन पर एक रिपोर्ट पब्लिश हुई थी. रिपोर्ट के अनुसार, एफ़बीआई की एक टीम ने कई सालों तक सऊदी कनेक्शन की सीक्रेट जांच की. फिर एक दिन उनसे जांच बंद करने के लिए कह दिया गया.
9/11 हमले के बाद बर्मिंघम में एक संदिग्ध अल-बयूमी के घर से एक डायरी मिली थी. उस डायरी में एक प्लेन का डायग्राम बना था. रिपोर्ट के मुताबिक, इसका डिजाइन उस प्लेन से मेल खाता था, जिसे पेंटागन पर गिराया गया था. लेकिन जांच के दौरान उस डायरी और उसमें मौजूद कॉन्टेंट पर किसी ने ध्यान ही नहीं दिया. टाइम्स की रिपोर्ट में एफ़बीआई और सीआईए के बीच भरोसे और तालमेल की कमी का भी ज़िक़्र किया गया है.
ये घटना साल 2010 की है. एफ़बीआई सऊदी अरब की मिनिस्ट्री ऑफ़ इस्लामिक अफ़ेयर्स के दो धार्मिक अधिकारियों को फ़ुल-टाइम सर्विलांस पर रखना चाहती थी. इन दोनों ने अमेरिका में अंग्रेज़ी की पढ़ाई के लिए वीजा लिया था. एफ़बीआई को ये मालूम चला था कि दोनों के ट्रैवल डिटेल्स हाईजैकर्स और उनको मदद मुहैया कराने वाले संदिग्धों से मेल खाते थे.
लेकिन जब तक ये प्लान अमल में आता, सीआईए ने इस पर ऑब्जेक्शन जता दिया. सीआईए उन दोनों के सर्विलांस के लिए राज़ी नहीं हुई. एफ़बीआई के एक पूर्व अधिकारी ने टाइम्स को बताया कि वे सऊदी सरकार को नाराज़ नहीं करना चाहते थे.
दोनों धार्मिक अधिकारियों ने अमेरिका आने का प्लान ऐन समय पर कैंसिल कर दिया. एफ़बीआई को ये शक था कि किसी ने पहले ही सऊदी अधिकारियों को सीक्रेट प्लान की जानकारी दे दी थी. ऐसा किसने और क्यों किया, ये कभी पता नहीं चल पाया.
अमेरिकी सरकार पर हमेशा ये आरोप लगते रहे हैं कि उन्होंने सऊदी अरब के गुनाहों को छिपाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है. ये आरोप हर नई सरकार को विरासत में मिला. बुश के बाद ओबामा, ओबामा के बाद ट्रंप और अब जो बाइडन. हालांकि, बाइडन इस विरासत से पीछा छुड़ाने की कवायद में जुट गए हैं. उनके आदेशानुसार, एफ़बीआई ने 16 पन्नों की एक जांच रिपोर्ट को डिक्लासिफ़ाई कर दिया है. एफ़बीआई के इस दस्तावेज़ से क्या पता चला है?
ये जांच रिपोर्ट एफ़बीआई के ‘ऑपरेशन एनकोर’ पर बेस्ड है. इस ऑपरेशन का फ़ोकस हमले में शामिल दो हाईजैकर्स पर था. साथ ही, ये पता लगाना भी था कि सैन डिएगो में उन दोनों को मदद किसने पहुंचाई थी. ऑपरेशन एनकोर के तहत, नवंबर 2015 में एफ़बीआई ने एक व्यक्ति का इंटरव्यू लिया था. ये व्यक्ति एक समय लॉस एंजिलिस में सऊदी अरब के दूतावास में काम कर चुका था. हालांकि, डिक्लासिफ़ाईड डॉक्यूमेंट में उसके नाम को छिपा लिया गया है. हम उसका नाम मान लेते हैं, एक्स.
उसने बताया कि उमर अल-बयूमी ने दो हाईजैकर्स नवाफ़ अल-हाज़मी और ख़ालिद अल-मिधार की हर तरह से मदद की थी. बयूमी ने दोनों के रहने की व्यवस्था की थी. खाने-पीने, घूमने, इंटरप्रेशन के अलावा पैसे से भी उनकी मदद की गई थी. अल-बयूमी ने अपने नाम पर सैन डिएगो में एक फ़्लैट लीज़ पर लिया था. उसने पहले महीने का किराया भी अपनी जेब से दिया था. अल-बयूमी ने उन दोनों को बैंक अकाउंट खोलने में भी मदद की थी.
अल-बयूमी ने 2003 में पूछताछ में बताया था कि नवाफ़ और ख़ालिद से उसकी मुलाक़ात एक रेस्टोरेंट में हुई थी. वो पहले से उन दोनों को नहीं जानता था. लेकिन एक्स के इंटरव्यू से कुछ और ही कहानी पता चलती है. क्या? ये कि अल-बयूमी दोनों को पहले से जानता था. और, उसने दोनों के आने के जश्न में एक पार्टी भी दी थी.
एक्स ने ये भी बताया कि अल-बयूमी लॉस एंजिलिस में स्टूडेंट के तौर पर रजिस्टर्ड था. उसे सऊदी सरकार की तरफ़ से स्कॉलरशिप मिली हुई थी. वो था तो स्टूडेंट, लेकिन वो बराबर सऊदी दूतावास में जाता रहता था. वहां उसे सब लोग जानते थे और ख़ूब इज्जत भी देते थे. सऊदी दूतावास के कई बड़े अधिकारियों से अधिक उसका सम्मान होता था. इससे साफ़ जाहिर है कि सऊदी अधिकारी अल-बयूमी को अच्छी तरह से जानते थे. उसका सऊदी दूतावास में अच्छा-खासा कनेक्शन था. एक्स की पत्नी ने एफ़बीआई को बताया था कि अल-बयूमी हमेशा जिहाद की बात किया करता था.
इसके अलावा, एफ़बीआई के दस्तावेज़ में एक सऊदी डिप्लोमैट फहाद अल-थुमैरी का भी नाम आया है. वो लॉस एंजिलिस के किंग फहाद मस्जिद का इमाम था. फ़हाद को कट्टर चरमपंथी विचारों के लिए जाना जाता था. दस्तावेज़ में एक फ़ोन कॉल का भी ज़िक़्र है. ये कॉल अल-थुमैरी ने साल 1999 में किया था. सऊदी अरब के दो भाईयों को. 9/11 के बाद ये दोनों भाई गिरफ़्तार किए गए थे. इन्हें ग्वांतनामो बे की जेल में रखा गया था.
अमेरिकी जांच एजेंसियों ने बाद में दोनों से अलग-अलग जगहों पर पूछताछ भी की. अल-बयूमी और अल-थुमैरी, दोनों ने हमले में किसी भी तरह का हाथ होने से इनकार कर दिया. जांच एजेंसियों ने उनके कहे पर मुहर लगा दी. 2004 में आई 9/11 कमीशन की रिपोर्ट में लिखा गया कि सभी तथ्यों को खंगालने के बाद हमें इस बात का कोई सबूत नहीं मिला है कि अल-थुमैरी ने दोनों हाईजैकर्स को किसी भी तरह की सहायता दी थी.
एफ़बीआई के इन्वेस्टिगेशन में पता चला है कि अल-थुमैरी ने दोनों हाईजैकर्स की मदद के लिए एक व्यक्ति नियुक्त किया था. उस व्यक्ति का नाम भी छिपा लिया गया है. दस्तावेज़ से ये भी पता चला है कि ‘कट्टर इस्लामिक साहित्य’ बांटने के ज़ुर्म में सऊदी सरकार दूतावास के एक कर्मचारी को निकालना चाहती थी. लेकिन, अल-थुमैरी के कहने पर उसकी नौकरी बच गई थी. एक बात और, 9/11 के हमले से दो महीने पहले उमर अल-बयूमी और फ़हाद अल-थुमैरी अमेरिका से निकल गए थे. इस वजह से ये शक पुख्ता होता है कि दोनों को हमले के बारे में पूरी जानकारी थी.
जो बाइडन से पहले के तीन राष्ट्रपतियों जॉर्ज़ डब्ल्यु बुश, बराक ओबामा और डोनाल्ड ट्रंप ने ‘राष्ट्रीय सुरक्षा’ का हवाला देकर इन दस्तावेज़ों को पब्लिक डोमेन में लाने से मना कर दिया था. लेकिन बाइडन अलग लीक पर चलने का मन बना चुके हैं. उन्होंने जस्टिस डिपार्टमेंट को आदेश दिया है कि जिन दस्तावेज़ों को रिलीज़ किया जा सकता है, उन्हें बाहर लाने का काम शुरू कर दिया जाए. 11 सितंबर 2021 को पहला दस्तावेज़ बाहर आया है.
No comments:
Post a Comment